11 साल से FBI को चकमा दे रहा यह भारतीय, इनाम 10 लाख डॉलर
अमेरिका की FBI पिछले 11 सालों से भारतीय युवक भद्रेश कुमार पटेल की तलाश कर रही है। पत्नी की हत्या के आरोपी इस शख्स पर 10 लाख डॉलर का इनाम है।
दुनिया की सबसे ताकतवर जांच एजेंसियों में शुमार अमेरिका की FBI (Federal Bureau of Investigation) पिछले 11 सालों से एक भारतीय शख्स की तलाश में खाक छान रही है। इस शख्स का नाम भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल है, जो न केवल अमेरिका के लिए सिरदर्द बना हुआ है, बल्कि FBI की सबसे खतरनाक अपराधियों की 'टॉप-10 वांटेड' सूची में भी शामिल है।
डोनट शॉप में पत्नी की खौफनाक हत्या
यह पूरी कहानी 12 अप्रैल 2015 की है। मैरीलैंड के हैनोवर इलाके में स्थित एक 'डंकिन डोनट्स' स्टोर में भद्रेश और उसकी 21 वर्षीय पत्नी पलक पटेल नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। इसी दौरान भद्रेश ने स्टोर के पिछले कमरे में अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार किए। हमला इतना भीषण था कि पलक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तुरंत फरार हो गया।
10 लाख डॉलर का इनाम और FBI की सक्रियता
मामले की गंभीरता और भद्रेश की चालाकी को देखते हुए FBI ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपए) कर दी है। 18 अप्रैल 2017 को भद्रेश को FBI की 'Ten Most Wanted Fugitives' लिस्ट में शामिल किया गया था। जांच अधिकारियों का मानना है कि भद्रेश बेहद खतरनाक है और उसके पास हथियार हो सकते हैं।
कैसे गायब हुआ भद्रेश पटेल?
जांच के मुताबिक, हत्या के बाद भद्रेश अपने अपार्टमेंट गया, कुछ नकदी और सामान लिया और टैक्सी से न्यू जर्सी के एक होटल पहुँचा। सीसीटीवी फुटेज में उसे आखिरी बार Newark Penn Station पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि वह अपनी पहचान बदलकर भारत या कनाडा में छिपा हो सकता है।
गुजरात से है गहरा ताल्लुक
15 मई 1990 को गुजरात के विरमगाम (कांत्रोडी) में जन्मे भद्रेश पटेल की तलाश में अमेरिकी एजेंसियां भारतीय अधिकारियों के भी संपर्क में हैं। FBI बाल्टीमोर के स्पेशल एजेंट जिमी पॉल ने उम्मीद जताई है कि भारी इनाम की राशि के लालच में कोई न कोई सुराग जरूर मिलेगा, जिससे मृतका पलक पटेल को न्याय मिल सके।









