पापा मैं छूट गया हूं: ईरान की जेल से रिहा हुए केतन मेहता
गाजियाबाद के मर्चेंट नेवी इंजीनियर केतन मेहता 57 दिनों बाद ईरान की जेल से रिहा हो गए हैं। उनके घर पर जश्न का माहौल है और वे जल्द भारत लौटेंगे।
गाजियाबाद की डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले मर्चेंट नेवी इंजीनियर केतन मेहता के परिवार के लिए राहत और खुशी की बड़ी खबर आई है। ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी भारी तनाव के बीच, केतन को 57 दिनों की कैद के बाद ईरान की जेल से रिहा कर दिया गया है।
पापा मैं छूट गया हूं...
जैसे ही केतन ने जेल से बाहर आकर अपने पिता को फोन किया और कहा, 'पापा मैं छूट गया हूं', पूरे परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। केतन पिछले करीब दो महीनों से अनिश्चितता के साये में जी रहे थे।
भारतीय दूतावास की निगरानी में केतन
वर्तमान में केतन मेहता ईरान में ही हैं और उन्हें भारतीय दूतावास की देखरेख में एक सुरक्षित होटल में ठहराया गया है। बताया जा रहा है कि कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होते ही और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें जल्द ही विमान से भारत लाया जाएगा।
परिवार में जश्न का माहौल
केतन की रिहाई की खबर मिलते ही गाजियाबाद स्थित उनके घर पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों का तांता लग गया है। घर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर कोई उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है जब केतन अपनी मातृभूमि पर कदम रखेंगे।









