राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा, बोले- "अपनी बात रखने का मौका मिला"
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में 10 दिन बाद मिली अंतरिम जमानत। दिल्ली हाई कोर्ट का जताया आभार, कहा- "देश की जनता मेरे साथ है"।
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता राजपाल यादव आखिरकार 10 दिन तिहाड़ जेल में बिताने के बाद मंगलवार को अंतरिम जमानत पर रिहा हो गए। यह राहत उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट से मिली है, जहां से उन्हें 18 मार्च तक के लिए अंतरिम जमानत मिली है। इस तारीख को मामले की अगली सुनवाई होनी है।
राजपाल यादव को चेक बाउंस के एक मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उनकी रिहाई से पहले, दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था कि उन्हें शिकायतकर्ता के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा करने होंगे, जिसका उन्होंने पालन किया। हालांकि, कोर्ट ने उनकी जमानत के साथ कुछ शर्तें भी रखी हैं। उन्हें अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा और कोर्ट की अनुमति के बिना देश छोड़कर जाने की इजाजत नहीं होगी।
जेल से बाहर आने के बाद, राजपाल यादव ने मीडिया से बात की और अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं 30 साल से इस पेशे में, बॉलीवुड में हूं। इस देश का हर एक व्यक्ति मेरे साथ है, इसलिए मैं इतने लंबे समय से यहां हूं। बॉलीवुड का हर व्यक्ति मेरे साथ है; इस देश का हर व्यक्ति चाहे बच्चा हो, युवा हो या बूढ़ा, मेरे साथ है।"
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "मैंने कोर्ट की हर एक सुनवाई में भाग लिया है और ऐसा करता रहूंगा। मुझे सोशल मीडिया पर बहुत प्यार मिल रहा है। मेरा इस देश के 150 करोड़ लोगों से रिश्ता है। हाई कोर्ट को धन्यवाद, आपने मुझे अपनी बात रखने का मौका दिया।” राजपाल यादव के इस बयान से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। अब सभी की निगाहें 18 मार्च को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।









