महाराष्ट्र के नांदेड़ गुरुद्वारे में सुखबीर बादल पर हमला, सुरक्षा में चूक पर सवाल
नांदेड़, महाराष्ट्र :पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ गुरुद्वारे में हमले का प्रयास किया गया।
क्या हुआ:
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर ने गुरुद्वारे के परिसर में सुखबीर बादल पर तलवार से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर हमले को नाकाम कर दिया। हमलावर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।इस घटना में सुखबीर सिंह बादल को कोई चोट नहीं आई है।
घटना के बाद गुरुद्वारे और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हमलावर ने इस हमले को किस मकसद से अंजाम दिया।
शिरोमणि अकाली दल ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि सुखबीर बादल को अकाल तख्त द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत विभिन्न गुरुद्वारों में सेवा करनी थी। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भी उन पर फायरिंग का प्रयास हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।
अभी तक पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है।







