मुंबई में मूसलाधार बारिश, IMD का 'रेड अलर्ट' - 1 की मौत, स्कूल-कॉलेज बंद, मेट्रो सेवा प्रभावित.

मुंबई में मूसलाधार बारिश, IMD का 'रेड अलर्ट' - 1 की मौत, स्कूल-कॉलेज बंद, मेट्रो सेवा प्रभावित.

ठाणे, पालघर, रायगढ़ में भी छुट्टी घोषित, अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भरा पानी, लोगों से घर में रहने की अपील।

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए अगले 24 घंटे के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में बहुत भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। 

स्कूल-कॉलेज बंद, प्रशासन अलर्ट पर:

भारी बारिश को देखते हुए BMC ने मुंबई के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया। पालघर और रायगढ़ जिला प्रशासन ने भी आंगनवाड़ी से लेकर उच्च माध्यमिक स्कूलों तक छुट्टी घोषित की। ठाणे नगर निगम ने भी छुट्टी की घोषणा की। 

BMC ने X पर पोस्ट कर कहा, "मुंबईकर, अगर जरूरत नहीं हो तो घर से बाहर निकलने से बचें"। आपात स्थिति में 1916 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया है। 

मुंबई पानी-पानी, 1 की मौत:

लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। अंधेरी में नाले में डूबने से *45 वर्षीय महिला की मौत* हो गई। मातुंगा में एक स्कूल बस पानी में फंस गई, जिसमें 6 बच्चे और 2 स्टाफ सवार थे। पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। 

पिछले 9 घंटों में मुंबई में 100 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई। विक्रोली में सबसे ज्यादा 135 मिमी, चेंबूर में 124 मिमी और सांताक्रूज में 123.9 मिमी बारिश हुई। 

मेट्रो और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित:

भारी बारिश के कारण आचार्य अत्रे चौक अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। MMRC ने सुरक्षा के मद्देनजर वर्ली और आचार्य अत्रे चौक के बीच मेट्रो लाइन 3 की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दीं। 

लोकल ट्रेनें भी 8-10 मिनट की देरी से चल रही हैं। कुर्ला-ठाणे के बीच सेवाएं थमने से हजारों यात्री फंस गए। 

अगले 4 दिन भारी बारिश का अनुमान:

IMD ने अगले 4 दिनों तक कोंकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान जताया है। रत्नागिरी और पुणे घाट क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट है। 

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मानसून 15 दिन पहले आ गया और कम समय में बहुत ज्यादा बारिश हुई, जिससे अव्यवस्था फैली।